कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास का गुरुवार को अहमदाबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, इस वर्ष 31 मार्च को राजस्थान के उदयपुर शहर में स्थित अपने घर में गणगौर पूजा कर रही थीं। वह आरती कर रही थीं, उसी दौरान उनके दुपट्टे में नीचे जल रहे दीये से आग लग गई और गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इसके बाद व्यास को तुरंत उदयपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उन्हें आगे के उपचार के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया। करीब 90% तक जलने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः उन्होंने अहमदाबाद के जायडस अस्पताल में अंतिम सांस ली।
गिरिजा व्यास कांग्रेस की एक अहम नेता थीं। उन्होंने राज्य और केंद्र दोनों सरकारों में मंत्री के रूप में काम किया। वह प्रदेश कांग्रेस प्रमुख भी रहीं और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष भी रहीं। व्यास के निधन पर कांग्रेस पार्टी ने शोक जताया है। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर व्यास की तस्वीर पोस्ट कर लिखा है, ‘‘कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी का निधन भारतीय राजनीति में एक अपूरणीय क्षति है। देश की राजनीति के साथ ही शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनका अभूतपूर्व योगदान रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा, “गिरिजा जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, कांग्रेस पार्टी और प्रदेश की प्रगति में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा.” उन्होंने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व्यास का निधन हम सबके लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनका इस तरह एक हादसे का शिकार होकर असमय जाना हम सभी के लिए एक बड़ा आघात है.’ उन्होंने शिक्षा, राजनीति और समाज सेवा में उनके योगदान को याद किया।

हनुमान बेनीवाल ने कहा, “राजस्थान ने एक अच्छा नेता खो दिया. वे न केवल एक प्रखर वक्ता और कुशल प्रशासक थीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा.” उन्होंने उनके लंबे राजनीतिक अनुभव को प्रेरणादायक बताया।

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत शोकजनक है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।” उनके निधन पर बीजेपी ने भी गहरा दुख जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *