जयपुर, 27 जनवरी। राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री श्री हेमंत मीणा ने मंगलवार को ‘अपना खाता’ मोबाइल ऐप लांच किया। शासन सचिवालय में एक कार्यक्रम में उन्होंने इसे लांच करने के बाद बताया कि इसके माध्यम से नागरिक ‘अपना खाता’ पोर्टल की राजस्व सेवाओं का लाभ अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही प्राप्त कर सकेंगे। ऐप के जरिए नामांतरण, सीमाज्ञान, सहमति विभाजन, विभिन्न प्रकार की नकलें, जमाबंदी एवं मानचित्र से संबंधित जानकारी, आवेदनों की स्थिति, गैर-राजकीय प्रतिबंधित भूमि की रिपोर्ट, विभागीय परिपत्र एवं गिरदावरी से जुड़ी सेवाएँ मोबाइल फोन पर उपलब्ध होंगी।

राजस्व मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायकों द्वारा उठाए गए मामलों का प्राथमिकता से त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि आमजन को समयबद्ध राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल एवं डिजिटल बनाने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विधायकों से प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक कार्य कर उन्हें अमल में लाया जाएगा। इस दौरान राजस्व एवं उपनिवेशन राज्य मंत्री श्री विजय सिंह चौधरी, राजस्व मंडल अध्यक्ष श्री हेमंत गेरा, राजस्व विभाग के शासन सचिव डॉ. जोगा राम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *