अजमेर, 11 जनवरी। जवाहर नवोदय विद्यालय अजमेर एल्युमिनी एसोसिएशन के तत्वावधान में “नवोदयन नव वर्ष सस्नेह मिलन एवं भोज” का भव्य आयोजन रविवार, 11 जनवरी 2026 को अपराह्न 1 बजे होटल विवान, अजमेर में संपन्न हुआ। यह आयोजन नवोदय परिवार की एकता, अनुशासन और भावनात्मक जुड़ाव का सशक्त उदाहरण बना। कार्यक्रम में अजमेर, नागौर, जयपुर, भीलवाड़ा, टोंक, सीकर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, सिरोही, सिरसा सहित राजस्थान व अन्य राज्यों के विभिन्न जिलों से आए जवाहर नवोदय विद्यालयों के पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लंबे समय बाद एक-दूसरे से मिलकर पूर्व छात्रों ने अपने विद्यालयीन जीवन की स्मृतियों को साझा किया और आपसी मेलजोल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत आत्मीय स्वागत के साथ हुई। उपस्थित एल्युमिनी सदस्यों ने नवोदय विद्यालयों में प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों को अपने जीवन की आधारशिला बताते हुए कहा कि नवोदय परिवार ने उन्हें सामाजिक व व्यावसायिक जीवन में आगे बढ़ने की दिशा दी। वक्ताओं ने इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि नवोदय परंपरा और आपसी संवाद सुदृढ़ बना रहे। स्नेह मिलन समारोह के दौरान विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और वर्तमान में समाज, प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, तकनीकी व अन्य क्षेत्रों में नवोदयन की उल्लेखनीय भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में सहभागियों के बीच आपसी सहयोग, मार्गदर्शन और सामाजिक दायित्वों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर आयोजित सामूहिक भोज ने आपसी सौहार्द को और मजबूत किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सहयोग और नवोदय भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम का सफल आयोजन सभी एल्युमिनी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता का परिणाम रहा, जिसने इसे ऐतिहासिक और यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में जवाहर नवोदय विद्यालय अजमेर अलूमनी कार्यकारिणी के अध्यक्ष जवान सिंह रावत ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी एल्युमिनी सदस्यों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *